चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।

प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय ने तिरंगा फहराया। इस दौरान बीडीओ आरती मुंडा, सीओ नवीन पुरती समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष सोमवारी सोरेन ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। वहीं विद्युत विभाग कार्यालय में सहायक अभियंता एहसान अख्तर, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में कनीय अभियंता भागीरथ रवानी तथा वन विभाग में प्रभारी वनपाल कल्याण महतो ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत मुर्मू और थाना परिसर में थाना प्रभारी राजेश कुमार ने ध्वजारोहण किया। थाना परिसर में एसआई अजीत कुमार, कविंद्र कुमार पोद्दार समेत पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

advertisement
स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रखंड के विद्यालयों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली। भारत माता की झांकी के साथ बच्चों ने नगर का भ्रमण कर लोगों में राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
पूरे चाकुलिया प्रखंड में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की एकता एवं अखंडता का संकल्प लिया।