जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत छोटा गोविंदपुर स्थित बजरंग नगर में रविवार देर रात एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां कुएं में गिरने से 5 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवम केवरतो के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही स्थानीय लोगों को बच्चे के कुएं में गिरने की सूचना मिली, पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और टाटा स्टील की सुरक्षा टीम को बुलाया गया।
करीब 30 फीट गहरे कुएं से कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षा टीम की सहायता से बच्चे के शव को बाहर निकाला गया। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मासूम कुएं में कैसे गिरा।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है।