बहरागोड़ा। संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड का खांडामौदा गांव इन दिनों पूरी तरह भक्ति के सागर में गोते लगा रहा है। अवसर है जगतगौरी क्लब टोला में आयोजित चार दिवसीय चौविस प्रहर अखंड हरिनाम संकीर्तन का। रविवार की भोर जैसे ही पुजारी ने मंत्रोच्चार के बीच राधा-कृष्ण की मूर्ति को हरि मंडप में स्थापित किया, पूरा क्षेत्र ‘हरे कृष्ण-हरे राम’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।इस वर्ष का आयोजन केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि दृश्य रूप से भी बेहद भव्य है। आयोजन समिति ने भक्तों के लिए प्रतिदिन शाम ढलते ही मंडप में अलौकिक नजारा के व्यवस्था की गई है।जहाँ माँ दुर्गा, गौर-निताई और राधा-कृष्ण के साथ-साथ ताड़का वध जैसे पौराणिक प्रसंगों की मनमोहक फोटो और झांकियां प्रदर्शित की जाएगी।वहीं संकीर्तन की मिठास घोलने के लिए पश्चिम बंगाल और ओड़िसा से आई विशेष मंडलियां अपनी कला का प्रदर्शन कर रही हैं। ढोलक और झांझ की थाप पर भक्त झूमने को मजबूर हैं।आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ यहाँ की गई आधुनिक आलोक सज्जा (लाइटिंग) ने लोगों का मन मोह लिया है। रात के अंधेरे में रंग-बिरंगी लाइटों से सजा खांडामौदा किसी उत्सव नगरी जैसा प्रतीत हो रहा है।साथ ही अनुष्ठान की पवित्रता और व्यवस्था को बनाए रखने में दंडछत्र समाज के सदस्य कंधे से कंधा मिलाकर जुटे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बनता है। बुधवार को दधि महोत्सव (दही हांडी) के साथ इस महापर्व का समापन होगा।