बहरागोड़ा: प्रखंड के पांच बेड़ियां गांव की एक चार वर्षीय बच्ची गंभीर और दुर्लभ बीमारी से जूझ रही है। बच्ची के पिता खोकन मिस्त्री आर्थिक तंगी के कारण लंबे समय से उचित इलाज नहीं करा पा रहे थे, जिससे परिवार पूरी तरह निराश हो चुका था।
मामले की जानकारी मिलने पर बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती खुद पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने बच्ची की हालत का जायजा लिया और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
तुरंत दिए इलाज के निर्देश
विधायक ने मौके से ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर बच्ची के जल्द और बेहतर इलाज की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी और जिला चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बच्ची का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जरूरत पड़ने पर उसे उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराने की बात कही गई।
परिवार को मिली नई उम्मीद
विधायक की इस पहल से परिवार को राहत मिली है। जहां पहले इलाज को लेकर अनिश्चितता थी, वहीं अब बच्ची के बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने भी इस कदम की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि बच्ची जल्द स्वस्थ होगी।