इस्लामाबाद । आर्थिक और राजनीतिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर का एक हालिया बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। बयान में उन्होंने भारत और पाकिस्तान की तुलना करते हुए ऐसी उपमा दी, जिसने खुद पाकिस्तानियों को भी असहज कर दिया।
दरअसल, फ्लोरिडा के टैम्पा में आयोजित एक पाकिस्तानी सामुदायिक कार्यक्रम में बोलते हुए मुनीर ने कहा कि “भारत एक चमचमाती मर्सिडीज या फेरारी की तरह है, जबकि पाकिस्तान बजरी से भरे एक डंप ट्रक जैसा है”। उन्होंने आगे जोड़ा कि जब डंप ट्रक किसी कार से टकराता है, तो नुकसान कार का ही होता है।
उनका यह उदाहरण सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जहां कई यूजर्स ने इसे “बेढंगा” और “खुद की बेइज्जती करने वाला” बयान बताया। पाकिस्तान के हालात को देखते हुए कई लोग इसे सच्चाई का स्वीकार मान रहे हैं, जबकि कुछ ने इसे “अनचाही ईमानदारी” करार दिया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे बयानों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की छवि और धूमिल हो सकती है, खासकर तब जब देश पहले से ही आर्थिक कर्ज और राजनीतिक अस्थिरता से घिरा हो।