Responsive Menu
Add more content here...

कदमा में 20 लाख की डकैती का खुलासा — पांच अपराधी गिरफ्तार, हथियार और लूट का सामान बरामद

Spread the love

जमशेदपुर। संवाददाता

जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में हुई 20 लाख रुपये की बड़ी डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना के महज कुछ दिनों के भीतर ही पुलिस की विशेष जांच टीम ने पेशेवर तफ्तीश करते हुए इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस ने इस कांड में शामिल पांच अपराधियों को हथियार और लूट के सामान के साथ गिरफ्तार किया है।

घटना 9 अक्टूबर 2025 की शाम की है। कदमा के रामनगर निवासी दीप राज सिंह ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि शाम करीब 7:30 बजे सात से आठ हथियारबंद अपराधी उनके घर में घुस आए। अपराधियों ने पूरे परिवार को बंधक बना लिया और करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की और पांच अपराधियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मो. सद्दाम, फहीम आलम, कृष्णा लोहार उर्फ पाड़ी, सयोराज सिंह उर्फ जस्से पाजी और कुनाल सिंह मुंडा के रूप में की गई है। पुलिस ने उनके पास से —

एक देसी पिस्तौल,

दो जिंदा कारतूस,

सोने का ब्रासलेट,

एक टाइटन घड़ी,

बिना नंबर प्लेट की सफेद सुजुकी एक्सेस स्कूटी,

और एक CNG ऑटो बरामद किया है।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि सभी आरोपी अपराधिक इतिहास वाले हैं। इनमें से कई के खिलाफ हत्या, चोरी और गृहभेदन जैसे गंभीर अपराधों के मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, “यह गिरोह संगठित तरीके से वारदात करता था। गहन पूछताछ के बाद और भी मामलों का खुलासा होने की संभावना है।”