बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन)।
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के डोमजुड़ी पंचायत अंतर्गत मालबांधी गांव में मंगलवार को पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में नशामुक्ति, साइबर अपराध और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर विशेष रूप से जागरूक किया गया।
इस दौरान विद्यालय के बच्चों के बीच शिक्षण सामग्री तथा महिलाओं के बीच छाता का वितरण किया गया। साथ ही थाना प्रभारी ने महिलाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि आज देश की युवा पीढ़ी नशे की लत में गहराई से फंसती जा रही है, जो शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दृष्टिकोण से बेहद नुकसानदायक है। उन्होंने नशे से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी।
ग्रामीणों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस तरह के अभियान की सराहना की। उनका कहना था कि इस प्रकार की पहल से आने वाली पीढ़ी को नशामुक्त और स्वच्छ वातावरण मिलेगा। इससे परिवारों में कलह कम होगा और महिलाओं पर अत्याचार व उत्पीड़न जैसी घटनाओं में भी कमी आएगी।