रांची, संवाददाता।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि जेएससीए स्टेडियम का नामकरण दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह झारखंड की जनता दिशोम गुरु को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग कर रही है, उसी क्रम में अगर स्टेडियम का नाम भी उनके नाम पर रखा जाता है तो राज्य की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत होगी।
कुणाल षड़ंगी ने कहा कि क्रिकेट एक अंतरराष्ट्रीय खेल है और जेएससीए स्टेडियम का नाम शिबू सोरेन के नाम पर होने से झारखंड की छवि और गौरव में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जेएससीए के भीतर भी इस विषय को उठाया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड भर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न दिलाने की मांग को लेकर बड़े पैमाने पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में आम लोग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं और अपने संदेश भी लिखकर समर्थन जता रहे हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि आने वाले दिनों में भी झारखंड राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों और संगोष्ठियों का आयोजन कर गुरुजी की विचारधारा और जनहित की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का कार्य जारी रहेगा।