चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) ।
नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार स्थित नूतन बाजार सार्वजानिन दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से इस वर्ष भी भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण कराया जाएगा। इसी क्रम में मंगलवार को विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पूजन कार्यक्रम में पुजारी आनंद पति ने मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना करवाई और नारियल फोड़कर भूमि पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर कमेटी के मार्गदर्शन समिति के अध्यक्ष आलोक लोधा, चंदन खां, सचिव अमित भारतीय, बसंत अग्रवाल, आयोजन समिति के अध्यक्ष रामभक्त दत्ता, सचिव बिल्टू मल्लिक, कोषाध्यक्ष असीम राय सहित बड़ी संख्या में कमेटी के सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद थे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष रामभक्त दत्ता ने बताया कि पंडाल निर्माण का कार्य बहरागोड़ा के अनुभवी कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। वहीं, विद्युत सज्जा भी बहरागोड़ा की टीम द्वारा की जाएगी, जो हर वर्ष अपनी आकर्षक लाइटिंग से लोगों का मन मोह लेती है। उन्होंने कहा कि नवमी तिथि को श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 1990 से इस समिति द्वारा मां दुर्गा की पूजा आरंभ की गई थी और इस वर्ष 36वां वर्ष है। नूतन बाजार दुर्गा पूजा कमेटी भव्य पंडाल निर्माण और अद्वितीय विद्युत सज्जा के लिए पूरे क्षेत्र में विशेष पहचान रखती है।