जमशेदपुर संवाददाता: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर पूरे देश में भव्य यूनिटी मार्च अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत (MY Bharat) के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी, अखंडता और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करना है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “जनभागीदारी आधारित विकसित भारत” के संकल्प से प्रेरित है।
6 अक्टूबर को डिजिटल लॉन्च, कई प्रतियोगिताएँ चल रही हैं
सांसद ने बताया कि इस अभियान की डिजिटल शुरुआत 6 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडवीया द्वारा मेरा भारत पोर्टल पर की गई थी।
डिजिटल चरण में—
सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता
निबंध लेखन प्रतियोगिता
Sardar @150 Young Leaders Program
का आयोजन किया जा रहा है। चयनित 150 युवा राष्ट्रीय पदयात्रा का हिस्सा बनेंगे।
पूर्वी सिंहभूम में दो जिला स्तरीय पदयात्राएँ
पूर्वी सिंहभूम जिले में दो प्रमुख पदयात्राएँ निर्धारित की गई हैं—
- पहली पदयात्रा – 26 नवंबर 2025, जमशेदपुर
स्थान: बिस्टुपुर पटेल स्मारक
रूट: पटेल स्मारक → बिस्टुपुर ट्रैफिक सिग्नल → आउटर सर्किल रोड → पुनः पटेल स्मारक
- दूसरी पदयात्रा – 28 नवंबर 2025, पटमदा
इस दिन पटमदा में जिला स्तरीय यूनिटी मार्च का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय पदयात्रा गुजरात में
सांसद विद्युत वरण महतो ने बताया कि देश भर से चुने गए युवाओं की ऐतिहासिक राष्ट्रीय पदयात्रा गुजरात के करमसद से शुरू होकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणादायक और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का संदेश देने वाली होगी।