Responsive Menu
Add more content here...

जगन्नाथपुर में संदिग्ध समझकर पकड़ा गया विक्षिप्त व्यक्ति, जांच के बाद पुलिस ने छोड़ा

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता

बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथपुर स्थित अजंता होटल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर शुक्रवार सुबह एक मानसिक रूप से अस्वस्थ (विक्षिप्त) व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध स्थिति में इधर-उधर घूमते देखा, जिसके बाद आशंका के आधार पर उसे रोका गया।

जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीणों को व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। बच्चा चोरी या चोरी की घटनाओं की अफवाहों को देखते हुए ग्रामीण सतर्क हो गए और एहतियातन उसे रस्सी से बांधकर रखा। सूचना मिलने पर बरसोल पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को अपने साथ थाना ले गई।

बरसोल पुलिस ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अज्ञात व्यक्तियों के घूमने पर लोग सतर्क हो जाते हैं। थाना में पूछताछ के बाद स्पष्ट हुआ कि संबंधित व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ है। जांच के उपरांत उसे छोड़ दिया गया।

पुलिस के अनुसार बरसोल थाना क्षेत्र में पहले से आठ मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों का रिकॉर्ड दर्ज है, जो अक्सर इधर-उधर घूमते रहते हैं। पकड़ा गया व्यक्ति नया था, इसलिए ग्रामीणों को संदेह हुआ। सत्यापन के बाद उसे रिहा कर दिया गया।