बहरागोड़ा। संवाददाता
आईएसओ मानकों पर खरा उतरा पंचायत प्रशासन
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत भूतिया ग्राम पंचायत को अंतरराष्ट्रीय स्तर का आईएसओ प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। पंचायत द्वारा संचालित सभी सेवाएं और विकास कार्य आईएसओ के निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जिसके आधार पर यह उपलब्धि हासिल हुई।
निरीक्षण में परखी गई कार्यप्रणाली और सुविधाएं
आईएसओ संस्था एवं समूह विकास पदाधिकारी द्वारा पंचायत के कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। समयबद्ध कार्य निष्पादन, सुव्यवस्थित कार्यालय व्यवस्था, सकारात्मक कार्य वातावरण, योजनाओं का सुनियोजित संचालन, नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना तथा प्रशासनिक अभिलेखों का सुव्यवस्थित वर्गीकरण जैसे विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन किया गया।
रांची में आयोजित कार्यक्रम में सौंपा गया प्रमाण पत्र
सभी मानदंडों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद भूतिया ग्राम पंचायत को आईएसओ प्रमाणीकरण प्रदान करने की घोषणा की गई। रांची में आयोजित एक विशेष समारोह में पंचायत के मुखिया बिधान चंद्र मांडी और पंचायत सचिव गोस्ट बिहारी गोप को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
प्रखंड की पहली पंचायत बनी भूतिया
बताया गया कि बहरागोड़ा प्रखंड में भूतिया ग्राम पंचायत पहली और एकमात्र पंचायत है, जिसे आईएसओ प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और पंचायत प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।