Responsive Menu
Add more content here...

पीएचसी मानुषमुड़िया में ‘कायाकल्प’ मूल्यांकन पूरा, स्वच्छता व गुणवत्ता पर विशेष ध्यान

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता:
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मानुषमुड़िया में ‘कायाकल्प’ कार्यक्रम के तहत गुणवत्ता मूल्यांकन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रबंधन प्रणाली का विस्तृत आकलन किया गया।

जिला स्वास्थ्य समिति जमशेदपुर से पहुंची मूल्यांकन टीम की सदस्य सुमन मंडल और सरिता कुमारी ने केंद्र के विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण किया। ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण काउंटर, प्रयोगशाला तथा बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम की विस्तार से जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान हैंडवॉश स्टेशन, सैनिटाइजेशन प्रक्रिया और कचरा पृथक्करण व्यवस्था जैसे संक्रमण नियंत्रण से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम ने दवा स्टॉक रजिस्टर और टीकाकरण अभिलेखों के रखरखाव का भी अवलोकन किया और आवश्यक सुझाव दिए।

बहरागोड़ा सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उत्पल मुर्मू ने कहा कि ‘कायाकल्प’ कार्यक्रम स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता और सेवा गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मूल्यांकन के दौरान मिले सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस अवसर पर एएनएम रीता महतो, अनीता महतो, चिन्मय नायक, प्रशांत मंडल, मीरा मंडल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।