बहरागोड़ा। संवाददाता:
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत खंडामौदा पंचायत स्थित पांचरुलिया ओड़िया मध्य विद्यालय में वर्ग 8 के विद्यार्थियों के लिए विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह की शुरुआत भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों को कॉपी, कलम एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री भेंट कर उन्हें आगामी शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
आगे की पढ़ाई के लिए किया गया प्रेरित
विद्यालय के प्रधानाध्यापक हेमंत कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे निरंतर अध्ययन करते रहें और विद्यालय, परिवार तथा समाज का नाम रोशन करें। सहायक शिक्षक चंद्रशेखर भोल ने भी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने वर्ग 9 में प्रवेश लेने वाले छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रोन्नत छात्रों को मिली शुभकामनाएं
वर्ग 1 से 8 तक के सभी प्रोन्नत विद्यार्थियों को नए सत्र के लिए शुभकामनाएं दी गईं। समारोह के दौरान तापस मोहंती, कमल बेरा, स्वस्ति दे सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।