बहरागोड़ा | संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का मूल्यांकन करने के लिए राष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ टीम मंगलवार को क्षेत्र के बांसदा और मटिहाना उप-स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंची। टीम ने दोनों केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और संचालन व्यवस्था का विस्तृत आकलन किया।
टीम ने सफाई व्यवस्था से लेकर दवा उपलब्धता तक की जांच की
निरीक्षण दल का नेतृत्व डॉ. एंजेलिन जौनर और डॉ. शेखर लाल प्रधान ने किया। दोनों अधिकारियों ने केंद्रों की साफ-सफाई व्यवस्था, मरीजों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, रिकॉर्ड रख-रखाव और कार्य प्रणाली को बिंदुवार जांचा।
टीम ने स्टॉक रजिस्टर की जांच करते हुए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा उनके प्रबंधन की स्थिति को परखा।
टीकाकरण कार्यक्रम की मॉनिटरिंग भी की गई
निरीक्षण के दौरान उप-स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात एएनएम से टीकाकरण कार्यक्रम की कवरेज, नियमितता और रिपोर्टिंग सिस्टम से जुड़ी जानकारी ली गई। टीम ने यह भी जाना कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण से संबंधित गतिविधियाँ निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित हो रही हैं या नहीं।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी रहे मौजूद
इस मूल्यांकन के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उत्पल मुर्मू भी पूरे समय टीम के साथ मौजूद रहे और केंद्रों की कार्यप्रणाली से जुड़ी जानकारियाँ साझा कीं।
मूल्यांकन के बाद मिलेगा ग्रेड
निरीक्षण पूर्ण होने के बाद राष्ट्रीय टीम दोनों उप-स्वास्थ्य केंद्रों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के आधार पर एक निर्धारित ग्रेड प्रदान करेगी। यह ग्रेडिंग भविष्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और सुधार के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।