पोटका। संवाददाता
मंगलासाई स्थित विद्यालय में किया औचक निरीक्षण
पोटका के विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को प्रखंड के मंगलासाई स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पठन-पाठन, आवासीय व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही छात्रों से शिक्षा से जुड़े सवाल-जवाब भी किए। जवाबों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं होने पर उन्होंने शिक्षकों को पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार लाने का स्पष्ट निर्देश दिया।
उपस्थिति पंजिका की जांच में 20 छात्र अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान विधायक ने उपस्थिति पंजिका की भी जांच की। कक्षा 6 से 8 तक कुल 124 छात्र पंजीकृत पाए गए, जिनमें से 104 छात्र उपस्थित थे, जबकि 20 छात्र अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में अनुशासन और नियमित उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है।
ग्रामीण छात्रों को मिले गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
निरीक्षण के बाद विधायक ने कहा कि सरकार ग्रामीण एवं आदिवासी छात्रों को बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का संचालन कर रही है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि शिक्षा के स्तर में सुधार लाया जाए और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
स्टाफ व सफाई कर्मियों की कमी उठाई गई
विद्यालय के प्राचार्य दुलार चन्द्र साव ने विधायक को स्टाफ एवं सफाई कर्मियों की कमी के साथ-साथ क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या से अवगत कराया। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि संबंधित कमियों की जानकारी जिला प्रशासन को दे दी गई है और शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।