जमशेदपुर। संवाददाता
टिनप्लेट मैदान में हुई थी वारदात
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11:25 बजे टिनप्लेट मैदान में कन्हैया यादव को गोली मारी गई थी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार सिंह, गुरप्रीत सिंह, अमरीका सिंह और रज़ा आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस और तीन पिस्टल के कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि कन्हैया यादव के पुत्र और आरोपी सुमित कुमार सिंह के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसको लेकर पूर्व में मारपीट की घटनाएं भी हुई थीं और संबंधित मामले दर्ज थे। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने हत्या की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किए जाने की संभावना है।