Responsive Menu
Add more content here...

आकांक्षी जिला पूर्वी सिंहभूम: केन्द्रीय प्रभारी महावीर प्रसाद ने शिक्षा, स्वास्थ्य व पोषण कार्यों की समीक्षा की

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम जिले के तीन दिवसीय दौरे पर आए भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं आकांक्षी जिला केन्द्रीय प्रभारी श्री महावीर प्रसाद ने अपने प्रवास के दूसरे दिन जिले में संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण कार्यक्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, बीडीओ-सह-सीओ मुसाबनी पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


संयुक्त सचिव ने साकची स्थित जेल चौक के मॉडल वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने टीकाकरण सेवाओं की उपलब्धता, लाभार्थियों की संख्या, सेवाओं की गुणवत्ता और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही टीकाकरण को और अधिक प्रभावी व सुलभ बनाने को लेकर सुझाव भी दिए।

Advertisement


बिष्टुपुर स्थित महिला विश्वविद्यालय परिसर में श्री महावीर प्रसाद ने मिशन उत्थान के अंतर्गत पीवीटीजी सबर समुदाय पर किए गए सर्वे कार्य को लेकर छात्राओं से संवाद किया। इस अवसर पर सर्वे में शामिल 99 छात्राओं को इंटर्नशिप प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जिला प्रशासन की ओर से पिरामल फाउंडेशन के डिस्ट्रिक्ट लीड अभिषेक कुमार ने सर्वे की प्रस्तुति दी, जिसमें बताया गया कि जिले के 11 प्रखंडों में 4000 सबर परिवारों तक पहुंच बनाते हुए कुल 11,576 लोगों को सर्वे में शामिल किया गया। सर्वे के माध्यम से आवास, शौचालय, सड़क, पेंशन, राशन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया गया। उपायुक्त ने बताया कि इस बेसलाइन सर्वे के आधार पर सभी बीडीओ को तीन माह में सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी के माटिगोड़ा पंचायत में संयुक्त सचिव ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। यहां गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बच्चों के टीकाकरण और फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके बाद मेड़िया पंचायत के नामोपाड़ा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के अन्नप्राशन और महिलाओं की गोद भराई कार्यक्रम में भाग लेते हुए संतुलित पोषण पर जोर दिया। उन्होंने कुपोषण से जुड़े प्रमुख संकेतकों, बच्चों की पहचान, उपचार और फॉलो-अप व्यवस्था की जानकारी ली।


पश्चिमी बादिया पंचायत स्थित शिवलाल प्रोजेक्ट हाई स्कूल में निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव ने शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय की प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया और शिक्षकों से संवाद कर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने से जुड़े सुझाव सुने।

निरीक्षण के दौरान श्री महावीर प्रसाद ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवा प्रदायगी में तेजी, समुदाय की सहभागिता और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया।