Responsive Menu
Add more content here...

उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधा पर दिया जोर

Spread the love

जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण उपचार, डायलिसिस सेवा और गैर-संचारी रोगों की रोकथाम सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य केवल इलाज तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आम लोगों तक बेहतर और भरोसेमंद सेवाएं पहुंचाना भी जरूरी है। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी और जनोन्मुख बनाया जाए।

प्रोजेक्ट उल्लास के तहत मिर्गी रोगियों की पहचान और उपचार कार्यों की समीक्षा करते हुए नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा मरीजों के लगातार फॉलोअप पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। वहीं सदर अस्पताल और घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेवाओं को निर्बाध रूप से जारी रखने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने शिशु केयर यूनिट और कुपोषण उपचार केंद्रों की समीक्षा के दौरान नवजात और कुपोषित बच्चों के समुचित इलाज और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बहरागोड़ा, घाटशिला, मुसाबनी, पोटका और टेल्को स्थित एमटीसी में कम बेड ऑक्यूपेंसी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को आंगनबाड़ी सेविका और सहिया के साथ समन्वय बनाकर जरूरतमंद बच्चों को उपचार से जोड़ने को कहा गया।

टीकाकरण अभियान की समीक्षा में घर-घर सत्यापन कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्वास्थ्य उपकेंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, डेंगू और मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम, फॉगिंग अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा टीबी उन्मूलन, कुष्ठ उन्मूलन और एनीमिया मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई।

इस दौरान कुष्ठ आश्रम, बाराद्वारी में 24 से 30 मई तक आयोजित होने वाले समर कैंप के पोस्टर का भी विमोचन किया गया। समर कैंप में बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसीएमओ डॉ. अजय सिन्हा, डॉ. मृत्युंजय धावड़िया सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।