Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा में पेट्रोल-डीजल संकट गहराया, किसान और वाहन चालक परेशान

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता

बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। एनएच-49 और एनएच-18 किनारे स्थित कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की भारी कमी देखी जा रही है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ किसान और वाहन चालक भी परेशान हैं।

जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक पेट्रोल पंप मौजूद हैं, लेकिन अधिकांश पंपों पर डीजल उपलब्ध नहीं है। कुछ पंपों पर पेट्रोल सीमित मात्रा में मिल रहा है, जबकि डीजल पूरी तरह खत्म हो चुका है। हालात ऐसे हैं कि पिछले दो दिनों से लोगों को पेट्रोल और डीजल के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

पेट्रोल पंपों पर डीजल की बिक्री सीमित कर दी गई है। भारी वाहनों को 10 लीटर से अधिक डीजल नहीं दिया जा रहा, जबकि बाइक चालकों को केवल 2 लीटर और कार चालकों को करीब 5 लीटर पेट्रोल ही मिल पा रहा है।

ईंधन संकट का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है। क्षेत्र में गरमा धान की फसल कटाई का समय चल रहा है और बड़ी संख्या में हार्वेस्टर मशीनें तथा ट्रैक्टर खेतों में काम कर रहे हैं। डीजल की कमी के कारण कई जगहों पर धान कटाई प्रभावित हो रही है।

हार्वेस्टर संचालकों का कहना है कि एक मशीन हर घंटे 8 से 9 लीटर डीजल खर्च करती है और प्रतिदिन करीब 80 से 100 लीटर डीजल की जरूरत होती है। लेकिन पंपों पर सीमित मात्रा में डीजल मिलने के कारण मशीनों का संचालन बाधित हो रहा है।

किसानों ने प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों से मांग की है कि कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर धान की कटाई पूरी हो सके।

वहीं पेट्रोल पंप कर्मचारियों का कहना है कि पहले प्रतिदिन लगभग 6 हजार लीटर डीजल की बिक्री होती थी, लेकिन कमी की स्थिति बनने के बाद मांग बढ़कर 18 से 20 हजार लीटर प्रतिदिन तक पहुंच गई है। कर्मचारियों के अनुसार डिपो में टैंकर खड़े हैं, लेकिन पर्याप्त मात्रा में ईंधन की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे क्षेत्र में संकट गहरा गया है।