Responsive Menu
Add more content here...

हाता में बन रहे बस स्टैंड और मार्केट कॉम्प्लेक्स का विधायक संजीव सरदार ने किया निरीक्षण

Spread the love

जमशेदपुर: पोटका प्रखंड के हाता बिरसा चौक में निर्माणाधीन बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का बुधवार को विधायक संजीव सरदार ने निरीक्षण किया। झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग की ओर से करीब 4.50 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

विधायक ने निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण में पाई गई कुछ खामियों को जल्द सुधारने का निर्देश अधिकारियों और संवेदक को दिया। बताया गया कि परियोजना अंतिम चरण में है और परिसर में लगभग 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है।

निरीक्षण के बाद विधायक संजीव सरदार ने कहा कि निर्माण कार्य में कुछ डिजाइन संबंधी और तकनीकी कमियां सामने आई हैं। भवन के कुछ हिस्सों में पानी रिसाव की समस्या भी पाई गई है, जिसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

विधायक ने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना को समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को आधुनिक और सुविधाजनक बस स्टैंड का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि हाता बिरसा चौक क्षेत्र का प्रमुख यातायात केंद्र है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री पश्चिम बंगाल, ओडिशा और अन्य राज्यों के लिए सफर करते हैं। बस स्टैंड और मार्केट कॉम्प्लेक्स बन जाने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

विधायक ने कहा कि इस परियोजना से सड़क पर अतिक्रमण कम होगा और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना को मजबूत करने और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

निरीक्षण के दौरान हरिओम कंस्ट्रक्शन के संवेदक मुकेश सिंह, जिला परिषद के जिला अभियंता नकुल ठाकुर, जूनियर इंजीनियर राकेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।