पोटका | संवाददाता
पोटका के विधायक संजीव सरदार की पहल पर जुड़ी पंचायत के हाता स्थित टाटा रोड भेलाईटांड़ में नि:शुल्क कोचिंग और कंप्यूटर क्लासेस के संचालन हेतु भवन निर्माण का शिलान्यास शनिवार को किया गया। इस सेंटर में कक्षा 8 से 10 तक के छात्र-छात्राओं को मैट्रिक परीक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ कंप्यूटर की नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी।
शिक्षा से बनेगा सशक्त समाज: संजीव सरदार
शिलान्यास के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे बड़ा आधार है। यह न केवल ज्ञान देती है, बल्कि सही और गलत में अंतर समझने की क्षमता भी विकसित करती है। उन्होंने बताया कि यह कोचिंग सेंटर उनका चुनावी वादा था, जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है। पोटका में पहले ही डिग्री कॉलेज का शिलान्यास किया जा चुका है और कई स्कूल +2 में अपग्रेड किए जा रहे हैं। संजीव सरदार ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे इस सुविधा का पूरा लाभ उठाएं।
तिरिंग में 13 लाख से गार्ड रूम का शिलान्यास, मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा
जुड़ी पंचायत के तिरिंग गांव स्थित मत्स्य विभाग की भूमि पर कृषि एवं पशु पालन विभाग द्वारा स्वीकृत गार्ड रूम निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। लगभग 13 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस दो-कमरों के गार्ड रूम का निर्माण भवन निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। यह गार्ड रूम मत्स्य विभाग के पांच तालाबों की देखरेख के लिए बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने चार दशकों बाद तिरिंग में मत्स्य उत्पादन शुरू होने पर खुशी जाहिर की।
विधायक अपने सभी वादे पूरे कर रहे हैं: सुधीर सोरेन
झामुमो पोटका प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन ने कहा कि विधायक संजीव सरदार जन-जन के नेता हैं और अपने कार्यकाल में किए गए सभी चुनावी वादों को पूरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार जनहित में लगातार बेहतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थित लोग
कार्यक्रम में मुखिया सुकलाल सरदार, मुखिया कार्तिक मुर्मू, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, हीरामणि मुर्मू, झामुमो नेता सुनील महतो, बबलू चौधरी, सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार, विधासागर दास, हितेश भगत, बिरेन पात्र, रमेश सोरेन, रोहितोष पाल, फलिन्दर गोप, जिकरुल होदा और डोबो चाकिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।