जमशेदपुर: उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान गुड़ाबांदा प्रखंड के बनमाकड़ी पंचायत का निरीक्षण कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मनरेगा, जल जीवन मिशन समेत कई विकास योजनाओं से जुड़े कार्यों की स्थिति की जांच की गई। उप विकास आयुक्त ने योजनाओं के लाभुकों का भौतिक सत्यापन कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जमीनी स्थिति का आकलन किया।
उन्होंने ग्रामीणों और लाभुकों से बातचीत कर योजनाओं से मिलने वाले लाभ और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रखंड और पंचायत स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर लंबित योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ, बीपीओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को प्रदर्शन में सुधार और अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।