चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड सभागार में शुक्रवार को उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने जनहित से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने सभी पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत सचिव और रोजगार सेवकों के साथ अधूरे आवासों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास और मनरेगा योजनाओं की प्रगति था। डीडीसी ने स्पष्ट रूप से निर्देश देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2024- 25 के तहत जिन लाभुकों को आवास निर्माण के लिए पहली, दूसरी और तीसरी किस्त की राशि दी गई है। लेकिन आवास अभी तक अधूरे हैं। उन्हें जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।डीडीसी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल 11 प्रखंड हैं। इन 11 प्रखंडों में चाकुलिया प्रखंड सबसे निचले पायदान पर है। उन्होंने कहा कि चाकुलिया प्रखंड में 1018 लाभुक अबुआ आवास की राशि लेकर आवास नहीं बना रहे हैं। उन्होंने पंचायत सचिवों और रोजगार सेवकों को सख्त निर्देश दिया कि जिन लाभुकों को पहली किस्त की राशि दी जा चुकी है। लेकिन 60 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी या निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन लाभुकों ने पहली किस्त प्राप्त कर लेने के बावजूद निर्माण भी शुरू नहीं किया है, उन्हें चिन्हित किया जाए। इस दिशा में पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सेवकों को 20-20 लाभुकों की जिम्मेदारी सौंपी गई है और 7 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित सीमा समय में कार्य पूरे नहीं होने पर संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई तय है। इस दौरान योजना कार्यों में खराब प्रदर्शन को लेकर उप विकास आयुक्त ने मालकुंडी पंचायत सचिव गुलाम हुसैन को फटकार लगायी। साथ ही, उन्होंने मुखिया, पंचायत समिति सदस्य,पंचायत सचिव और रोजगार सेवक को विकास योजनाओं में सक्रिय सहयोग और भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। इस बैठक में डिस्ट्रिक्ट कॉर्डिनेटर सुमन मिश्रा, ट्रेनिंग कॉर्डिनेटर जितेश कुमार सिंह, जिला परिषद के सहायक परियोजना पदाधिकारी अखिलेश कुमार, प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय, बीडीओ आरती मुंडा, मुखिया साहेब राम मांडी, शिव चरण हांसदा, मोहन सोरेन, दासो हेंब्रम, मंजू टुडू, पंचायत समिति सदस्य सावना मांडी, पद्मावती हांसदा समेत अन्य उपस्थित थे।