Responsive Menu
Add more content here...

गुड़ाबांदा प्रखंड का उप विकास आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, विकास योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश

Spread the love

जमशेदपुर, 10 जून 2025:
पूर्वी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने मंगलवार को गुड़ाबांदा प्रखंड कार्यालय का दौरा किया और वहां चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली का विस्तार से अवलोकन किया। तत्पश्चात प्रखंड सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित कर मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

बैठक में उपस्थित बीडीओ, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, कनिष्ठ अभियंता और अन्य पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए सचान ने कहा कि विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना अनिवार्य है। उन्होंने खास तौर पर आवास योजना की प्रगति पर चिंता जताई और लंबित आवासों की स्तरवार जियो टैगिंग अनिवार्य रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “पारदर्शिता और लाभार्थियों तक समय पर सुविधा पहुँचना सर्वोपरि है, लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।”

मनरेगा योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने बागवानी योजना के तहत गड्ढा खुदाई, सिंचाई कूप निर्माण और रिजेक्टेड ट्रांजैक्शनों के शीघ्र निपटारे को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मस्टररोल की नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए और श्रमिकों को समय पर भुगतान हो।

उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि फील्ड निरीक्षण की गति बढ़ाई जाए और प्रत्येक योजना की सतत निगरानी की जाए। उन्होंने लक्ष्य आधारित कार्य संस्कृति को अपनाने पर जोर देते हुए कहा, “जब तक योजनाओं का असर जमीनी स्तर पर नहीं दिखेगा, तब तक हमारा प्रयास अधूरा रहेगा।”