भाजपा सरकार के 11 वर्षों को बताया ‘बर्बादी के साल’, सुप्रियो भट्टाचार्य ने गिनाईं नाकामियां
रांची, 10 जून: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार के 11 सालों को “बेमिसाल नहीं, बर्बादी के साल” करार दिया और कहा कि एनडीए का मतलब अब “नेशनल डिजास्टर अलायंस” बन गया है।
भट्टाचार्य ने तंज कसते हुए कहा, “देश में इन दिनों एक नया त्योहार चल रहा है – ’11 साल बेमिसाल’। लेकिन सच्चाई ये है कि ये 11 साल देश के लिए आर्थिक, सामाजिक और लोकतांत्रिक दृष्टि से अवसान के प्रतीक बन चुके हैं।”
नोटबंदी से लेकर 2000 रुपये की वापसी तक सवाल
उन्होंने 2016 की नोटबंदी को राष्ट्रीय आपदा बताते हुए कहा कि महिलाओं के वर्षों से संचित स्त्रीधन को तक बाहर निकालने पर मजबूर किया गया। 2000 के नोट पहले लाए गए, फिर अचानक उन्हें वापस लेकर बाजार को भ्रमित किया गया—यह दर्शाता है कि सरकार की नीतियां आधे अधूरे सोच पर आधारित थीं।
रोजगार और राशन दोनों में विफलता
JMM महासचिव ने कहा, “हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा सिर्फ चुनावी जुमला बनकर रह गया है। आज स्थिति यह है कि युवा बेरोजगारी से त्रस्त हैं और आम आदमी को राशन के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।”
370, राम मंदिर, पुलवामा और किसान आंदोलन पर भी उठाए सवाल
अनुच्छेद 370 हटाने और राम मंदिर के मुद्दे पर भट्टाचार्य ने कहा, “370 तो हटा दिया, लेकिन कितने कश्मीरी पंडित अपने घर लौट पाए? मंदिर तो बन गया, लेकिन क्या रामराज्य आया?”
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलवामा हमले के बाद शहीद जवानों की तस्वीरों का राजनीतिक इस्तेमाल किया गया। किसानों के आंदोलन को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार ने देश की अन्नदाताओं की आवाज को दबाने की कोशिश की।
स्मृति ईरानी पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भट्टाचार्य ने कहा, “वसुधैव कुटुंबकम् की बात करने से पहले देश की हालत सुधारें। नफरत और बेरोजगारी के माहौल में वैश्विक परिवार की बात करना सिर्फ शब्दों का दिखावा है।”
‘आईना दिखाने का वक्त आ गया है’
प्रेस वार्ता के अंत में सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, “अब समय आ गया है जब देश को इन प्रचार आधारित राजनीति से बाहर निकालकर विकास, रोजगार, शिक्षा और संवैधानिक मूल्यों की ओर लौटाया जाए। JMM हर मोर्चे पर NDA की वास्तविकता को उजागर करता रहेगा।”