मुखिया विधान चंद्र मंडी की अध्यक्षता में शिक्षा और पुस्तकालय विकास पर हुई चर्चा
बहरागोड़ा, 10 जून संवाददाता (निलेश बेरा) : बहरागोड़ा प्रखंड के भूतिया पंचायत भवन में मंगलवार को ज्ञान केंद्र पुस्तकालय प्रबंधन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत मुखिया विधान चंद्र मंडी ने की। इसमें भूतिया पंचायत के अंतर्गत सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक शामिल हुए।
मुखिया मंडी ने कहा कि ज्ञान केंद्र पुस्तकालय स्थानीय समुदाय के सभी वर्गों के लिए खुला है—बच्चे, युवा, वृद्ध, महिला-पुरुष सभी यहां आकर आध्यात्मिक विषयों, झारखंड सामान्य ज्ञान, जेपीएससी, कला, साहित्य तथा अन्य विविध विषयों पर आधारित पुस्तकों का अध्ययन कर सकते हैं। उन्होंने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों से आग्रह किया कि वे विद्यालय समय के बाद छात्रों को ज्ञान केंद्र भेजने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में ज्ञान केंद्र में उपलब्ध पुस्तकों, उनकी व्यवस्था, रखरखाव और भविष्य में पुस्तक खरीद की योजना पर चर्चा की गई। साथ ही समिति के सदस्यों ने ज्ञान केंद्र को और अधिक उपयोगी और प्रभावशाली बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया।
मुखिया मंडी ने यह भी कहा कि ज्ञान केंद्र और पुस्तकालय ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं, क्योंकि ये लोगों को शिक्षा, जानकारी और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करते हैं।
बैठक में समिति सदस्य चितरंजन बास्के, देवनाथ सीट, अनूप कुमार, दुर्गा माझी, तमाल बास्के, उदय मांडी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।