रांची – झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर करारा पलटवार किया है। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा एक पोस्ट में मंत्री ने मरांडी और उनकी पार्टी पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए उन्हें झूठ की राजनीति का प्रतीक बताया।
डॉ. अंसारी ने कहा, “भ्रष्टाचार की जननी तो आपकी पार्टी है। हम जैसे जमीनी स्तर पर काम करने वाले और बेदाग छवि वाले लोगों पर उंगली उठाना शर्मनाक है।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब वे झारखंड के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में रिम्स-2 जैसे अत्याधुनिक संस्थान की नींव रख रहे हैं, तो विपक्ष को इससे चिढ़ क्यों हो रही है?
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “क्या विपक्ष नहीं चाहता कि राज्य की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें? या उन्हें डर है कि उनकी झूठ और ठगी की राजनीति का पर्दाफाश हो जाएगा?”
स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स की पुरानी हालत की याद दिलाते हुए कहा कि जब राज्य में 18 वर्षों तक बीजेपी की सत्ता थी, तब अस्पताल की गिरती दीवारें और टपकती छतें क्यों नहीं दिखीं?
उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा, “अब जब स्वास्थ्य मंत्री खुद एक डॉक्टर है, तो मैं आपकी आंखों का इलाज भी करूंगा, ताकि रिम्स-2 की तस्वीर आपको साफ नजर आए।”
डॉ. अंसारी ने रघुवर दास की वापसी पर भी तंज कसते हुए कहा कि पहले उन्हें छत्तीसगढ़ से लाकर झारखंड में बैठाया गया, फिर सरयू राय की मदद से उड़ीसा भेजा गया, लेकिन अब फिर वापस लाने की कोशिश हो रही है।
अंत में मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में रिम्स का पुनर्विकास और रिम्स-2 का निर्माण तेजी से चल रहा है। राज्य की जनता को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं देना हमारा संकल्प है और यह हर हाल में पूरा होगा। विपक्ष को चाहिए कि बयानबाजी बंद करे और विकास की दिशा में सहयोग करे।”