चाकुलिया । चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित ऐतिहासिक बिरसा मुंडा चौक के नवीनीकरण एवं विकास कार्य का सोमवार को विधायक समीर मोहंती ने नारियल फोड़कर शिलान्यास किया।
विधायक मोहंती ने मौके पर कहा कि बिरसा मुंडा की चबूतरा और रेलिंग लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी। जनता की सुविधा और चौक की गरिमा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नगर विकास फंड से इस योजना को स्वीकृति दिलाई। लगभग 17,94,615 रुपये की लागत से एसओए इस्टेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा यह कार्य किया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि योजना की गुणवत्ता पर निगरानी रखें और ठेकेदार को सहयोग दें, ताकि चौक का नवीनीकरण जनहित में टिकाऊ और लाभकारी साबित हो।
इस अवसर पर गोपन परिहारी, धनंजय करुणामय, शिव चरण हांसदा, गौतम दास, मो. गुलाब, असगर खान, राम बास्के, निर्मल महतो, कृति सुंदर महतो समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सांसद प्रतिनिधि भड़के, संवेदक को घेरते हुए जताया विरोध
कार्यक्रम के दौरान अचानक माहौल गरमा गया जब यह बात सामने आई कि शिलान्यास की सूचना सांसद विद्युत वरण महतो को नहीं दी गई। मौके पर मौजूद सांसद प्रतिनिधि पार्थो सारथी महतो ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए संवेदक को कटघरे में खड़ा कर दिया।
उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण विकास कार्य की सूचना सांसद को न देना प्रोटोकॉल का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने संवेदक से तीखे लहजे में सवाल किया कि आखिर सांसद को क्यों अंधेरे में रखा गया?
संवेदक ने सफाई दी कि यह कार्य पूरी तरह से ऑफिसियल है और सूचना देना कार्यालय का काम है। लेकिन सांसद प्रतिनिधि उनके जवाब से नाराज़ हो गए और उन्होंने सार्वजनिक तौर पर संवेदक को जमकर घेरा।