रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मंगलवार को राजधानी रांची में राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया। भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह के नेतृत्व में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से जुलूस निकाला और सीधे कांग्रेस प्रदेश कार्यालय पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान सैकड़ों की संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। कांग्रेस दफ़्तर के बाहर पहले से ही भारी पुलिस बल और दो लेयर की बैरिकेडिंग तैनात थी। बावजूद इसके, आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। इस झड़प में कई महिला कार्यकर्ता घायल भी हो गईं।
महिला मोर्चा नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की मौजूदगी में एक कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी की मां पर अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेतृत्व ने कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।
उधर, कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने भी पलटवार करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस दफ़्तर के बाहर “वोट चोर, गद्दी चोर” के नारे लगाए। लगभग एक घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन पुलिस की सख्ती और बीच-बचाव के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया।
फिलहाल, अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में यह विवाद किस दिशा में जाएगा और राजनीतिक सरगर्मी को कितना और बढ़ाएगा।