Responsive Menu
Add more content here...

इसरो शैक्षणिक भ्रमण से लौटीं सरकारी स्कूलों की छात्राएं, उपायुक्त से साझा किए प्रेरणादायी अनुभव

Spread the love

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की 28 छात्राओं का दल तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पूरा कर रविवार को लौटा। इस दल ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से उनके आवास पर मुलाकात की और सहभोज कार्यक्रम के दौरान अपने अद्वितीय अनुभव साझा किए। छात्राओं ने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

छात्राओं ने बताया कि यह यात्रा उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रही। उन्होंने पहली बार विमान यात्रा की, एयरपोर्ट देखा और राज्य की सीमाओं से बाहर निकलकर विज्ञान, तकनीक और संस्कृति की दुनिया से रूबरू हुईं। छात्राओं के अनुसार, “यह हमारे लिए सपनों जैसा अनुभव था। श्रीहरिकोटा स्थित इसरो के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र को करीब से देखने का अवसर मिला। वैज्ञानिकों की कार्यप्रणाली और उपग्रह प्रक्षेपण प्रक्रिया को देखना बेहद प्रेरणादायी रहा।”

इसके अलावा छात्राओं ने चेन्नई स्थित महाबलीपुरम, संग्रहालय, आरएमके इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग कैंपस, कोवालम मॉडल स्कूल, एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम और रेलवे म्यूजियम का भ्रमण भी किया। उन्होंने बताया कि इस भ्रमण ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया और आत्मविश्वास को नई ऊँचाई दी।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण केवल यात्रा नहीं, बल्कि जीवन बदलने वाला अवसर है। उन्होंने कहा— “आप सभी के अनुभव सुनकर मुझे गर्व है। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में आपमें से कई छात्राएं वैज्ञानिक और तकनीकी क्षेत्र में प्रेरणादायी योगदान देंगी।”

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, डीटीओ धनंजय, निवर्तमान कार्यपालक दंडाधिकारी सह डीटीओ दुमका मृत्युंजय कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नेहा संजना खलखो, डीईओ मनोज कुमार, डीएसई आशीष कुमार सहित शिक्षक और छात्राएं मौजूद रहीं।