जमशेदपुर/रांची। मुख्यमंत्री की प्रेरणा और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की पहल पर इसरो के शैक्षणिक भ्रमण के लिए चेन्नई गई सरकारी स्कूलों की 28 छात्राओं के लिए तीसरा दिन खेल, इतिहास और विज्ञान से भरपूर अनुभवों का दिन साबित हुआ।

छात्राओं ने सबसे पहले चेन्नई के प्रसिद्ध एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम का दौरा किया, जहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के संचालन, मैदान की संरचना, खिलाड़ियों की सुविधाएं और खेल प्रबंधन की बारीकियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद दल रेलवे म्यूजियम पहुँचा, जहां छात्राओं ने भारतीय रेलवे के गौरवशाली इतिहास, पुराने इंजन, यात्री डिब्बे, सिग्नलिंग सिस्टम और रेल संचालन तकनीकों का नज़दीक से अवलोकन किया। गाइड्स ने उन्हें रेलवे के विकास, तकनीकी बदलावों और देश की अर्थव्यवस्था में रेलवे की अहम भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।

तीसरे दिन का कार्यक्रम समाप्त कर छात्राएं देर शाम रांची सकुशल लौट आईं। यात्रा के दौरान ठहराव, भोजन और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था उपायुक्त के निर्देशानुसार दल में शामिल सात प्रशिक्षकों द्वारा सुनिश्चित की गई थी। इनमें कार्यपालक दंडाधिकारी मृत्युंजय कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नेहा संजना खलखो समेत अन्य सदस्य शामिल थे।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण केवल पाठ्यपुस्तकों से बाहर की पढ़ाई नहीं, बल्कि जीवन के अनुभवों से सीखने का अवसर है। इस यात्रा ने छात्राओं को विज्ञान, खेल और इतिहास की नई दुनिया से परिचित कराया है, जो उनमें नई ऊर्जा, जिज्ञासा और बड़े सपने देखने का साहस जगाएगा।
