
दिल्ली/मुसाबनी। झारखंड सरकार के मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए मुसाबनी प्रखंड के झामुमो नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को दिल्ली पहुँचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन ने किया। दिल्ली पहुँचकर उन्होंने मंत्री के पुत्र सोमेश सोरेन और झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाडंगी से मुलाकात की।

इस दौरान झामुमो के वरिष्ठ नेता हरीश भकत, गौरांग माहली, विक्रम मुर्मू, अमन मुर्मू, चंदन माहली, गुड्डू तिवारी और शंकर पांडा भी मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के करीबी परिजनों और पार्टी नेताओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली।

झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाडंगी ने बताया कि अपोलो अस्पताल में मंत्री रामदास सोरेन के इलाज में जुटी चिकित्सकों की टीम के संयोजक डॉ. के. एन. सिंह ने उन्हें अवगत कराया कि हाल ही में किए गए परीक्षणों की रिपोर्ट आ चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार, मस्तिष्क में हुए रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति अब भी गंभीर है, लेकिन स्थिर बनी हुई है। शरीर के अन्य सभी महत्वपूर्ण पैरामीटर सामान्य हैं।
फिलहाल उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नज़र रख रही है।
