घाटशिला | संवाददाता
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के पक्ष में प्रचार को रफ़्तार देते हुए गांडेय विधायक एवं मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन मंगलवार को घाटशिला पहुँचीं। उन्होंने गलुडीह अंचलिक मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया, जहाँ हजारों की संख्या में महिलाओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मंच पर उनके साथ राज्य मंत्री दीपक बिरुआ, मंत्री सुदित्य सोनू, और झामुमो के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। जनसभा स्थल पर उत्साह और जोश का माहौल देखने लायक था।
अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने दिवंगत विधायक स्वर्गीय रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा —
“रामदास सोरेन झारखंड आंदोलन के सच्चे सिपाही थे। उन्होंने हमेशा दीसोम गुरु के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राज्य के अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ी। उनकी कमी हमें गहराई से महसूस होती है। आज उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए उनके पुत्र सोमेश सोरेन, एक शिक्षित और जनसेवी प्रत्याशी के रूप में जनता के बीच हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि झामुमो सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन, बिजली बिल माफी, कृषि ऋण माफी, और मईया सम्मान योजना जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया है।
कल्पना सोरेन ने केंद्र की पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा —
“केंद्र से चाहे कितने भी बड़े नेता घाटशिला आएं, लेकिन यहां की जनता ने पहले भी उन्हें नकारा था और इस बार भी झामुमो के पक्ष में ही जनादेश देगी।”
कार्यक्रम के अंत में कल्पना सोरेन ने जनता से झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।