घाटशिला | अबुआ खबर संवाददाता
घाटशिला उपचुनाव के प्रचार ने गुरुवार को नया जोश भर दिया जब झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की स्टार प्रचारक और गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने दामपाड़ा स्थित गंधनिया हाट मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया।
सभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि —
“केंद्र सरकार और राज्य के भाजपाई जितने भी मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री या विधायक घाटशिला में आ जाएं, इससे न हेमंत सरकार घबराने वाली है और न ही जनता का भरोसा डगमगाएगा। झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के साथ हेमंत दादा और जनता का आशीर्वाद है — उन्हें कोई नहीं हरा सकता।”
उन्होंने कहा कि सोमेश सोरेन पढ़े-लिखे, समझदार और जनता के बीच से उठे उम्मीदवार हैं। उन्हें जनता का पूरा समर्थन मिलेगा क्योंकि वह विकास और विश्वास की राजनीति करते हैं।
कल्पना सोरेन ने अपने संबोधन में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की बात करते हुए कहा —
“हेमंत सोरेन की सरकार आने से पहले झारखंड में बेटियों की स्थिति दयनीय थी, लेकिन आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। यहां मौजूद महिलाओं की बड़ी संख्या इस बात की गवाही दे रही है कि हेमंत सरकार ने उन्हें सम्मान और अधिकार दिया है।”
उन्होंने दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को याद करते हुए कहा कि उनकी आकांक्षा थी कि घाटशिला को शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाया जाए। उनके कार्यकाल में इंजीनियरिंग कॉलेजों की स्थापना और जनजातीय विश्वविद्यालय की नींव रखी गई थी।
“अब उस सपने को पूरा करने की जिम्मेदारी उनके बेटे सोमेश सोरेन की है, और जनता उन्हें विधायक बनाकर वह अधूरा सपना जरूर पूरा करेगी।”
उन्होंने स्वर्गीय रामदास सोरेन की पत्नी सुरजमनी सोरेन की भावनाओं को साझा करते हुए कहा —
“मां का कोई मूल्य नहीं होता — वह अमूल्य होती है। आज वह अपने बेटे के लिए जनता से आशीर्वाद मांग रही हैं, और मुझे विश्वास है कि घाटशिला की जनता उन्हें निराश नहीं करेगी।”
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुआ ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि —
“चंपाई सोरेन ने कभी कहा था कि वे भाजपा को बर्दाश्त नहीं करेंगे, लेकिन आज वही भाजपा का गीत गा रहे हैं। जनता सब जानती है और 11 नवंबर को इसका जवाब देगी।”
सभा में झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन, सुरजमनी सोरेन, सांसद जोबा मांझी, महुआ मांझी, अंजली सोरेन, विधायक सुखराम उरांव, लक्ष्मण टुडू, सत्यानंद भोक्ता, बैद्यनाथ राम, भूषण तिर्की, बाघराय मार्डी, दुर्गा चरण मुर्मू, और भरत मुर्मू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई नेताओं — संजय तिवारी, पोल्टू सरदार, रेखा भकत और खोगेन भुईंया — ने झामुमो का दामन थामा। कल्पना सोरेन ने उन्हें पार्टी का पट्टा पहनाकर औपचारिक रूप से झामुमो में शामिल कराया।