Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा में झामुमो की लहर: भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता पाला बदलकर झामुमो में शामिल

Spread the love

गोहलामुड़ा (बहरागोड़ा)। संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड के पूर्वांचल स्थित गोहलामुड़ा गांव रविवार को ऐतिहासिक राजनीतिक घटनाक्रम का साक्षी बना। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने यहाँ आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह में न केवल अपनी ताक़त का प्रदर्शन किया, बल्कि भाजपा खेमे में बड़ी सेंध भी लगा दी।

पिजुस नंदी की अध्यक्षता में हुए इस भव्य कार्यक्रम में बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह भर दिया। उनके विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक झामुमो में शामिल हो गए।

भाजपा नेताओं का बड़ा पलायन

भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष आशीष माहापात्र और युवा नेता राकेश दास के नेतृत्व में भवानी शंकर माहापात्र, मनोज दास, शंकर प्रधान, जगरनाथ खाटूआ, रवि शीट, अक्षुता प्रधान, वरुण प्रधान सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंच पर झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। महिलाओं में शेफाली शीट, जोबा प्रधान और सोनू दास भी अपनी टीम के साथ शामिल हुईं।

भाजपा से मोहभंग, झामुमो पर विश्वास

इस मौके पर आशीष माहापात्र ने कहा, “भाजपा में रहकर हमने विकास की उम्मीद की थी, लेकिन पूरी नहीं हुई। हेमंत सरकार और विधायक समीर मोहंती ने बिना भेदभाव बहरागोड़ा और पूरे राज्य में जो काम किए हैं, उसने हमें यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि जनता के लिए काम करने वाली पार्टी यही है।”

विधायक समीर मोहंती का संकल्प

विधायक समीर मोहंती ने संबोधन में कहा कि बहरागोड़ा का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि “हेमंत सरकार ने गाँव-गाँव तक विकास पहुँचाया है। आज के दिन भाजपा से आए सभी कार्यकर्ताओं का मैं दिल से स्वागत करता हूँ। हम सब मिलकर बहरागोड़ा को नई ऊँचाई पर ले जाएँगे।”

जनसैलाब बना गवाह

गोहलामुड़ा गाँव की गलियाँ झामुमो के नारों से गूंज उठीं और समारोह जनसैलाब में तब्दील हो गया। कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा सहित कई स्थानीय नेता मौजूद रहे। समापन एक विशाल जनसभा के रूप में हुआ, जहाँ सभी ने एकजुट होकर पार्टी को और मजबूत करने का संकल्प लिया।