रांची: रांची में 28 दिसंबर से हीरो वीमेंस हॉकी इंडिया लीग का रोमांच शुरू होने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को लेकर हॉकी इंडिया और हॉकी झारखंड द्वारा तैयारियों को तेज कर दिया गया है। मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में इन दिनों रंग-रोगन, साफ-सफाई और रखरखाव का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
स्टेडियम की मुख्य इमारत और दर्शक दीर्घा को झारखंड की पहचान वाले हरे रंग की थीम में सजाया जा रहा है, ताकि लीग शुरू होने से पहले मैदान और परिसर पूरी तरह नए लुक में नजर आए। हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने बताया कि वीमेंस एचआईएल को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी तकनीकी सुविधाओं और आधारभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
Advertisement

खिलाड़ियों का आगमन और अभ्यास कार्यक्रम
लीग में शामिल होने वाली टीमों के खिलाड़ियों का रांची पहुंचना मंगलवार से शुरू हो जाएगा। शुरुआती चरण में नौ भारतीय खिलाड़ी शहर पहुंचेंगी, जबकि 19 दिसंबर को चार और खिलाड़ियों के आने की जानकारी मिली है। बाकी सभी टीमों की खिलाड़ी 22 दिसंबर तक रांची पहुंच जाएंगी।
जो खिलाड़ी पहले पहुंचेंगी, वे 17 दिसंबर से ही स्टेडियम में अभ्यास शुरू कर देंगी। वहीं, सभी टीमों के लिए नियमित प्रैक्टिस शेड्यूल 23 दिसंबर से तय किया गया है।
10 जनवरी तक चलेगी लीग
Women’s Hockey India League के सभी मुकाबले रांची में ही खेले जाएंगे और टूर्नामेंट का समापन 10 जनवरी को होगा। इस बार वीमेंस एचआईएल में कुल 13 मैच आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भारत के अलावा अर्जेंटीना, बेल्जियम, जर्मनी, इंग्लैंड, स्पेन और ऑस्ट्रेलिया की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मुकाबले खेलेंगी।
रांची रॉयल्स की एंट्री
इस लीग की खास बात यह है कि पहली बार रांची रॉयल्स की टीम वीमेंस एचआईएल में खेलती नजर आएगी, जिससे स्थानीय हॉकी प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मेंस एचआईएल भी रांची में
इसके साथ ही मेंस हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत 3 जनवरी से चेन्नई में होगी। हालांकि, 11 से 16 जनवरी के बीच मेंस एचआईएल के मुकाबले भी रांची के इसी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जनवरी का महीना रांची के लिए बड़े हॉकी आयोजनों के लिहाज से बेहद खास रहने वाला है।