Responsive Menu
Add more content here...

पोटका में विकास को मिली रफ्तार: विधायक संजीव सरदार ने दो योजनाओं का किया शिलान्यास

Spread the love

पोटका (पूर्वी सिंहभूम)।
पोटका विधानसभा क्षेत्र में रविवार को विकास की दिशा में दो अहम कदम उठाए गए। क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने कुलडीहा और भुटका चांद भैरव चौक में दो बड़ी योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत करते हुए उन्होंने स्थानीय जनता को भरोसा दिलाया कि विकास की रफ्तार गांव-गांव तक पहुंचेगी।

41 लाख से जर्जर सड़क का होगा कायाकल्प
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कुलडीहा मुख्य मार्ग से राखामाइन्स रेलवे स्टेशन तक की जर्जर सड़क का विशेष मरम्मत कार्य प्रारंभ किया गया है। यह मार्ग क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए यातायात का मुख्य साधन है, विशेषकर रेलवे स्टेशन से जुड़े लोगों के लिए। अनुमानित लागत ₹41 लाख रखी गई है।

33 लाख की लागत से बनेगा धुमकुड़िया भवन
शंकरदा पंचायत के भुटका स्थित चांद भैरव चौक में वर्षों से लंबित धुमकुड़िया भवन निर्माण की मांग अब पूरी हो रही है। इस योजना की लागत ₹33 लाख तय की गई है। विधायक ने कहा कि यह भवन सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

ग्रामीणों ने किया पारंपरिक स्वागत
शिलान्यास समारोह के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। विधायक का भव्य स्वागत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा, “राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों के विकास को लेकर पूरी तरह संकल्पित है। पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है।”

जनभागीदारी से निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करें
विधायक ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे निर्माण कार्यों की निगरानी करें ताकि कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।

मौके पर उपस्थित रहे कई जनप्रतिनिधि
शिलान्यास कार्यक्रम में मुखिया सारजोम मार्डी, अनिमा सिंह, ग्रामप्रधान संजू लाहा, जयप्रकाश भगत, ठाकुर हांसदा, हीरामणि मुर्मू, झामुमो नेता सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।