मोकामा।
मोकामा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 बाइपास फोरलेन पर घने कोहरे के कारण गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में तीन वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोहरे के कारण नहीं दिखा खड़ा वाहन, हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फोरलेन सड़क पर एक वाहन पहले से खड़ा था। घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे एक बड़े वाहन के चालक को खड़ा वाहन नजर नहीं आया और वह सीधे उससे टकरा गया। इस टक्कर में वाहन का चालक और कंडक्टर बुरी तरह घायल हो गए।
Advertisement

पीछे से तीसरे वाहन ने मारी टक्कर
इसी दौरान कुछ ही समय बाद पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीसरे वाहन का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को ट्रामा सेंटर में कराया गया भर्ती
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल मोकामा ट्रामा सेंटर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें बाढ़ रेफर कर दिया गया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे यह दुर्घटना हुई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।