Responsive Menu
Add more content here...

गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर मनीफिट में सजेगा 75वां भव्य कीर्तन दरबार

Spread the love

जमशेदपुर/ संवाददाता

सिख पंथ के नौवें गुरु, हिन्द दी चादर और धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर मनीफिट में दो दिवसीय 75वां भव्य कीर्तन एवं कथा दरबार आयोजित किया जाएगा। यह पावन समागम 13 और 14 दिसंबर को मनीफिट स्थित डीवीसी मैदान में सजाया जाएगा।

इस धार्मिक आयोजन में श्री हरमंदिर साहिब (दरबार साहिब), अमृतसर के हजूरी रागी भाई सतिंदरबीर सिंह अपनी मधुर गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे। साथ ही प्रख्यात कथावाचक ज्ञानी चमकौर सिंह धन गुरु तेग बहादुर साहिब जी के जीवन, बलिदान और धर्म रक्षा की अमर गाथा का रसपूर्ण वर्णन करेंगे।

इसके अतिरिक्त भाई गुरप्रताप सिंह पदम (ढाडी जत्था) एवं भाई हरमीत सिंह, टाटानगर भी गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को आध्यात्मिक आनंद प्रदान करेंगे।

Advertisement

यह दो दिवसीय ऐतिहासिक कीर्तन दरबार सिख नौजवान सभा (मनीफिट यूनिट) के तत्वावधान में तथा साध-संगत के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में सुरेंद्र सिंह सन्नी, तरसेम सिंह, हरपाल सिंह, मनजीत सिंह, अमरीक सिंह, गजराज सिंह, जसबीर सिंह, राजेंद्र सिंह गोल्डी, परमजीत सिंह, सतनाम सिंह और गुरमीत सिंह सहित कई सेवादार सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

इस अवसर पर संगत को गुरु तेग बहादुर साहिब जी के अद्वितीय बलिदान, भाई मति दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी की शहादत तथा धर्म और मानवता की रक्षा के लिए दिए गए उनके संदेशों से अवगत कराया जाएगा। गुरबाणी की अमृतवाणी से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहेगा।

आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य सरदार सुरेंद्र सिंह सन्नी ने बताया कि दोनों दिन दोपहर और शाम को गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा। इसके अलावा चाय और जलपान की भी पूरी व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कोल्हान क्षेत्र सहित आसपास की समस्त साध-संगत से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में डीवीसी मैदान पहुंचकर इस ऐतिहासिक 75वें कीर्तन समागम में भाग लें और गुरु घर की खुशियां एवं आशीर्वाद प्राप्त करें।