Responsive Menu
Add more content here...

गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश दिहाड़े का उत्साह: साकची गुरुद्वारा से कल से प्रभात फेरी, बच्चों ने शुरू किया नगर कीर्तन अभ्यास

Spread the love

जमशेदपुर: सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व को लेकर साकची गुरुद्वारा परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच शुक्रवार से पाँच दिवसीय प्रभात फेरी की शुरुआत होगी, जो अमृतवेले 3 बजे गुरुद्वारा साहिब से रवाना होकर गुरु नानक नगर और साकची क्षेत्र में भ्रमण करेगी।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, साकची के प्रधान सरदार निशान सिंह ने बताया कि प्रभात फेरी में सिख नौजवान सभा, स्त्री सत्संग सभा और सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था का सक्रिय सहयोग रहेगा। प्रभात फेरी के संचालन की जिम्मेदारी परमजीत सिंह काले, सुरजीत सिंह छीते, प्रीतपाल सिंह और हरविंदर सिंह को सौंपी गई है।

उन्होंने संगत से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को आत्मसात करें और इस पवित्र पर्व की दिव्यता का अनुभव करें।

इसी क्रम में, गुरु नानक उच्च एवं मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राएं आगामी 5 नवंबर को निकलने वाले नगर कीर्तन की तैयारी में जुटे हैं। बच्चे बैंड की धुनों, शब्द गायन और कीर्तन प्रस्तुति का जोशपूर्ण अभ्यास कर रहे हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्य मधुबाला शर्मा और कार्यकारी प्रधानाचार्य परमजीत कौर उनके प्रशिक्षण की देखरेख कर रही हैं।

गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे पूरे परिसर का वातावरण आध्यात्मिक और मनमोहक बन गया है।

प्रधान निशान सिंह ने कहा —

“गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व प्रेम, एकता और सेवा का संदेश देता है। संगत से आग्रह है कि वे इस पावन अवसर पर भाग लेकर गुरु के उपदेशों को अपने जीवन में उतारें।”