कोल्हान की 31 गुरुद्वारा कमेटियों और 3 धार्मिक संस्थाओं की संयुक्त बैठक संपन्न
जमशेदपुर : कोल्हान भर की कुल 31 गुरुद्वारा कमेटियों एवं तीन धार्मिक संस्थाओं की शीर्ष संस्था मानी जाने वाली सेंटरल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी (CGPC) की वार्षिक आम बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से सरदार भगवान सिंह को आगामी तीन वर्षों के लिए निर्विरोध प्रधान चुना गया। कई वर्षों बाद ऐसा मौका आया जब उनके नाम के खिलाफ कोई नामांकन नहीं हुआ।
सीतारामडेरा गुरुद्वारा में माथा टेक कर लिया आशीर्वाद
निर्विरोध चुनाव के बाद सरदार भगवान सिंह सीतारामडेरा गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु घर में माथा टेका। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और दोबारा प्रधान चुने जाने पर खुशी व्यक्त की।
गुरु कृपा और संगत के विश्वास से मिली जीत: भगवान सिंह
मीडिया से बातचीत में सरदार भगवान सिंह ने कहा कि उनकी जीत गुरु महाराज की कृपा और संगत के सहयोग की देन है। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में कमिटी ने समाज के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
आने वाले वर्षों में नई कल्याणकारी योजनाओं की तैयारी
उन्होंने आगे कहा कि आगामी कार्यकाल में कमिटी मानव सेवा और संगत के कल्याण के लिए और अधिक योजनाएं लागू करेगी। उन्होंने वचन दिया कि सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करते हुए वे समाज के हर वर्ग को सहायता पहुंचाने का प्रयास करेंगे।