Responsive Menu
Add more content here...

खेलों के रूप में दिखेगा खालसा जज्बा, 1 मार्च को मानगो गुरुद्वारा में ‘होला महल्ला’ प्रतियोगिता

Spread the love

जमशेदपुर। संवाददाता:
खेल, परंपरा और उत्साह के संगम के साथ 1 मार्च, रविवार को मानगो स्थित मानगो गुरुद्वारा साहिब परिसर में ‘होला महल्ला’ के उपलक्ष्य में सिख बच्चों के लिए भव्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बाबा बंदा सिंह बहादुर गतका अखाड़ा और गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, मानगो के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रातः 7 बजे से मानगो गुरुद्वारा स्कूल ग्राउंड में प्रारंभ होगा।

खेल आयोजन के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, स्पून एंड मार्बल रेस, स्किपिंग रेस, सैक रेस, शॉटपुट, पगड़ी एवं दुमाला प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, रस्साकशी, दंड-बैठक प्रतियोगिता सहित कई आकर्षक खेल और फन गेम्स आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 50 रुपये प्रति प्रतिभागी प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 फरवरी रखी गई है।

मानगो गुरुद्वारा साहिब के महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने अधिकाधिक भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि “‘होला महल्ला’ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सिख कौम की वीरता, अनुशासन और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है।” उन्होंने बच्चों, युवाओं और संगत से बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।

गौरतलब है कि ‘होला महल्ला’ की शुरुआत दशम पातशाह गुरु गोबिंद सिंह ने की थी। यह पर्व साहस, आत्मबल और एकता का प्रतीक है, जिसमें पारंपरिक रूप से गतका, युद्ध कौशल और विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

जसवंत सिंह जस्सू, मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियन गुरशरण सिंह, पत्रकार बलजीत संसोआ और सेंट्रल सिख नौजवान सभा के सुखवंत सिंह सुखु को खेलों का मेंटर बनाया गया है। आयोजन समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और ‘होला महल्ला’ का पोस्टर भी जारी कर दिया गया है।