Responsive Menu
Add more content here...

पूर्वी सिंहभूम और मुसाबनी को नीति आयोग से सिल्वर मेडल, उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारियों का सम्मान

Spread the love

जमशेदपुर, 01 अगस्त 2025:
नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत पूर्वी सिंहभूम और मुसाबनी प्रखंड को ‘संपूर्णता अभियान’ में पांच प्रमुख सूचकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि पर सिल्वर मेडल प्रदान किया गया है। इस अवसर पर सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में जिला प्रशासन द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह का उद्घाटन उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, जिला स्तरीय अधिकारियों और जमशेदपुर पूर्व के विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इन क्षेत्रों में मिली सफलता:

पूर्वी सिंहभूम को निम्नलिखित पाँच इंडिकेटर में लक्ष्य प्राप्ति के लिए सम्मानित किया गया:

गर्भवती और धात्री माताओं को पोषाहार वितरण

सॉयल हेल्थ कार्ड का वितरण

बच्चों का पूर्ण टीकाकरण

माध्यमिक विद्यालयों में विद्युतीकरण

सरकारी विद्यालयों में छात्रों को समय पर पाठ्यपुस्तक वितरण

मुसाबनी प्रखंड को एएनसी जांच, पोषाहार वितरण, सॉयल हेल्थ कार्ड, डायबिटीज और हाईपरटेंशन की स्क्रीनिंग जैसे पाँच मापदंडों में सैचुरेशन हासिल करने पर सिल्वर मेडल प्रदान किया गया।

सम्मानित हुए अधिकारी और फील्ड वर्कर

कार्यक्रम में मुसाबनी की बीडीओ अदिति गुप्ता को सम्मानित किया गया। बेहतर प्रदर्शन के लिए बहरागोड़ा के बीडीओ केशव भारती, जमशेदपुर सदर के सुमित प्रकाश, बोड़ाम के किकू महतो, घाटशिला की बीडीओ यूनिका शर्मा और पिरामल फाउंडेशन से अभिषेक झा, रिया कुमारी, शशि भूषण प्रसाद, वंदना मौर्य को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

साथ ही जिले भर के 110 फ्रंटलाइन वर्कर्स और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

उपायुक्त का संदेश: हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले

अपने संबोधन में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि सैचुरेशन कोई अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि एक सतत प्रक्रिया है। पात्र लाभुकों को एक दिन की भी देरी के बिना योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फील्ड भ्रमण या कार्यालय में आने वाले नागरिकों की समस्याओं के समाधान में तत्परता और संवेदनशीलता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा,

“जब तक हर जरूरतमंद तक योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित नहीं हो जाती, प्रशासन का प्रयास जारी रहना चाहिए। यही हमारी जवाबदेही है।”

उपस्थित अतिथि:

कार्यक्रम में एनईपी निदेशक संतोष गर्ग, सिविल सर्जन साहिर पाल, नगर आयुक्त कार्यालय के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जिला योजना पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, डीआईओ किशोर प्रसाद, जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।