Responsive Menu
Add more content here...

झारखंड विधानसभा मानसून सत्र: भाजपा की रणनीतिक बैठक, सरकार को घेरने की बनी रूप रेखा

Spread the love


रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवर अपनाने का संकेत दे दिया है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष व प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र राय ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल सहित सभी विधायक मौजूद रहे। चर्चा के दौरान राज्य सरकार की कार्यप्रणाली, योजनाओं के नाम बदलने की प्रवृत्ति, किसानों की उपेक्षा, नगर निकायों की अनदेखी, विस्थापन की समस्याएं और लैंड जिहाद जैसे संवेदनशील मुद्दों को मानसून सत्र में प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।

मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े ठोस कार्यों की बजाय केवल प्रतीकात्मक फैसलों पर ज़ोर दे रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अटल क्लिनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा क्लिनिक करना सरकार की मूल नीति को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नई योजनाएं लाने में असमर्थ है और केवल पुरानी योजनाओं के नाम बदलने का काम कर रही है।

इसके अलावा बैठक में रिम्स-2 अस्पताल निर्माण के लिए किसानों की भूमि अधिग्रहण से जुड़ी विस्थापन की समस्या, JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितताएं और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ जैसे गंभीर विषयों पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने साफ किया कि वह विधानसभा में इन सभी मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और लैंड जिहाद जैसे मामलों पर चुप नहीं बैठेगी।

भाजपा ने मानसून सत्र को जनहित से जुड़े सवालों को सरकार के समक्ष रखने का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि पार्टी जनता की आवाज को सदन में बुलंद करेगी।