Responsive Menu
Add more content here...

रांची में टेंडर गांव की युवती पर पेट्रोल अटैक, आंख में चोट; पुलिस गंभीरता से जांच में जुटी

Spread the love

रांची: राजधानी के कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंडर गांव में एक युवती पर दिनदहाड़े पेट्रोल डालने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चार युवकों ने युवती के घर में घुसकर उस पर पेट्रोल फेंका, जिससे उसकी आंख में चोट पहुंची है। परिजनों ने तुरंत उसे इलाज के लिए कश्यप मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है।

डॉ. भारती कश्यप ने जानकारी दी कि युवती की आंख में पेट्रोल जाने से कुछ जलन की शिकायत है, लेकिन उसकी स्थिति स्थिर है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसका इलाज कर रही है और संभावना है कि एक-दो दिन में उसकी आंख पूरी तरह ठीक हो जाएगी।

घटना के बाद रांची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि यह एसिड अटैक नहीं है, बल्कि पेट्रोल या केरोसिन जैसी ज्वलनशील तरल से हमला किया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमलावरों की मंशा युवती को जलाने की थी या सिर्फ डराने की कोशिश की गई।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटना दोपहर के समय हुई, जब युवती घर में अकेली बैठी थी। इसी दौरान चार युवक अचानक घर में घुसे और एक बोतल से उस पर पेट्रोल फेंक दिया। युवती की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया।

सूत्रों के अनुसार, युवती की हाल ही में शादी तय हुई थी। ऐसे में पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच कर रही है, जिसमें निजी रंजिश, आपसी विवाद या किसी अन्य कारण की भी आशंका शामिल है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

इस घटना ने राज्य में पहले घटित दुमका पेट्रोल कांड की यादें ताजा कर दी हैं, जहां एक युवती को जिंदा जला दिया गया था। ऐसे में रांची पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की तह तक जाने और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की दिशा में कार्रवाई कर रही है।