रांची। राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित करकट्टा गांव में रविवार देर शाम एक बड़ा हादसा हुआ। यहां एक परित्यक्त खदान में नहाने गए 18 वर्षीय युवक की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान नामकुम तेतरी टोली निवासी समीर कुमार, पिता राजकुमार राय, के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समीर अपने दो दोस्तों के साथ खदान में नहा रहा था। इस दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल पाया। दोस्तों ने काफी प्रयास किया लेकिन उसे बचा पाने में सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए।
खदान में पानी काफी गहरा होने और चारों ओर झाड़ियां फैली होने की वजह से शव निकालना मुश्किल हो रहा है। सोमवार सुबह से ही एनडीआरएफ की टीम तलाशी अभियान में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में मौजूद बंद खदानों को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।