Responsive Menu
Add more content here...

लातेहार: छात्रावास में भीषण आग, बाल-बाल बचीं 200 छात्राएं

Spread the love

लातेहार। जिले के बरियातू प्रखंड स्थित बालिका आवासीय विद्यालय के छात्रावास में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि हॉल नंबर-5 में रखे सभी बेड और छात्राओं का सामान देखते ही देखते राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय करीब 200 छात्राएं सुबह पीटी के लिए मैदान में थीं, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

सूचना मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अन्य संभावनाओं की भी जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कमरे में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल, प्रभावित छात्राओं के लिए वैकल्पिक ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।

जानकारी के अनुसार विद्यालय पुराने भवन में संचालित हो रहा है, जबकि नया भवन पिछले पाँच वर्षों से निर्माणाधीन है। जर्जर तारों और जगह की कमी को भी इस हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।

छात्राओं ने घटना के बाद कहा कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि वे समय रहते बाहर थीं, वरना बड़ी त्रासदी हो सकती थी।