रांची संवाददाता। मानसून सत्र के दौरान झारखंड विधानसभा में भाग लेने के उपरांत जगन्नाथपुर स्थित नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित 76वें राज्यव्यापी वन महोत्सव–2025 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक समीर कुमार महंती ने कार्यक्रम में भाग लेते हुए पौधारोपण कर प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

विधायक समीर महंती ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण को बचाने का जरिया नहीं, बल्कि यह मातृभूमि के प्रति हमारे कर्तव्यों की सशक्त अभिव्यक्ति भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहभागी बनें।
वन महोत्सव के तहत राज्य भर में हजारों पौधे रोपे जा रहे हैं, जिससे हरियाली बढ़ेगी और जलवायु परिवर्तन से निपटने में मदद मिलेगी। यह पहल न केवल पारिस्थितिकी संरक्षण की दिशा में एक कदम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देने की जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।