Responsive Menu
Add more content here...

धरती आबा जनभागीदारी अभियान की शुरुआत, जनकल्याण योजनाओं के लिए रवाना हुआ जागरूकता रथ

Spread the love

जमशेदपुर, 13 जून 2025 — पूर्वी सिंहभूम जिले में जनजातीय समाज की समग्र उन्नति के उद्देश्य से धरती आबा जनभागीदारी अभियान की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से की गई। सांसद विद्युत वरण महतो, जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री बृजनंदन प्रसाद, उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

15 से 30 जून तक चलेगा विशेष अभियान

यह विशेष अभियान 15 से 30 जून 2025 तक जिले के PVTG (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) एवं अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों में चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुँचाना है।

हस्ताक्षर अभियान से जनभागीदारी को प्रोत्साहन

शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर अभियान की सफलता के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता जताई। इस मौके पर ITDA परियोजना निदेशक श्री दीपांकर चौधरी, धालभूम SDO श्रीमती शताब्दी मजूमदार, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री शंकराचार्य समद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री पंचानन उरांव सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सांसद ने बताया ‘विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास’

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा, “धरती आबा जनभागीदारी अभियान समाज के सबसे पिछड़े तबकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का सार्थक प्रयास है। हमारा लक्ष्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।”

ग्राम स्तर पर लगेंगे 275 विशेष शिविर

उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि अभियान के दौरान जिले में लगभग 275 ग्राम स्तरीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आधार पंजीकरण, राशन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, पीएम किसान, जनधन, विश्वकर्मा, सुकन्या योजना, डायलिसिस प्रोग्राम और आवास योजना जैसी सेवाएं दी जाएंगी।

जागरूकता रथ के जरिए योजना की जानकारी हर गांव तक

ITDA परियोजना निदेशक श्री दीपांकर चौधरी ने बताया कि प्रत्येक जनजातीय गांव में जागरूकता रथ के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सभी शिविरों में संबंधित विभागों के कर्मी मौजूद रहेंगे ताकि पात्र लाभुकों को मौके पर ही सेवाएं प्रदान की जा सकें।

जनता से भागीदारी की अपील

जिला प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे इन शिविरों में बढ़-चढ़ कर भाग लें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।